असम पुलिस की महिला उप-निरीक्षक की एक सड़क हादसे में मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गये हैं। हालांकि वह कई विवादों में भी रही हैं, लेकिन उनकी छवि दबंग लेडी सिंघम की तरह थी। अधिकारियों ने बताया कि नागांव जिले में कलियाबोर अनुमंडल के जाखलाबंधा थाना क्षेत्र के तहत सरुभुगिया गांव में यह हादसा रात ढाई बजे हुआ। महिला पुलिस अधिकारी की कार एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई जिससे उनकी मौत हो गई।

हादसे के समय वह अपनी निजी कार में थी और उन्होंने पुलिस की वर्दी नहीं पहन रखी थी। पुलिस को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि महिला पुलिस अधिकारी निजी कार में बिना किसी सुरक्षा और सादी कपड़ों में अकेले ऊपरी असम की ओर क्यों जा रही थी। वहीं, उनके परिवार को भी इस यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है। 

पिछले साल जून में उन्हें उनके पूर्व प्रेमी के साथ कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने अपने प्रेमी से सगाई तोड़ दी थी। माजुली जिले की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जिसके बाद उनकी सेवा निलंबित कर दी गई थी। बाद में उनका निलंबन खत्म कर दिया गया और वह पुलिस सेवा में फिर वापस आ गई थी। जूनमोनी राभा की मौत को रहस्यमयी करार देते परिवार ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।