कर्नाटक के बीदर जिले में एक ऐतिहासिक मदरसे के परिसर में दशहरा जुलूस निकालने वालों की भीड़ घुस गई। इस दौरान भीड़ ने एक वहां पर पूजा भी की। आरोप है कि भीड़ ने मदरसा परिसर के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अब घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मदरसे की सीढ़ियों पर कुछ लोग नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर, चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मुस्लिम संगठनों ने इस मामले का विरोध करते हुए कहा है कि अगर किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जुमे की नमाज के बाद व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।
जिस मदरसे के परिसर में भीड़ ने प्रवेश किया, उसे बीदर के महमूद गवां मदरसा के रूप में जाना जाता है। करीब 1460 में बना यह मदरसा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत आता है और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों की सूची में शामिल है।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में भीड़ देवी-देवताओं, वंदे मातरम और हिंदू धर्म की जय के नारे लगाती नजर आ रही है।स्थानीय पुलिस का कहना है कि बुधवार (5 अक्टूबर) को भीड़ ने ताला तोड़कर मदरसे के परिसर में प्रवेश किया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है साथ ही 4 आरोपी गिरफ्तार भी कर लिए गए है।
असदुद्दीन ओवैसी ने क्या कहा?
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। ओवैसी ने इस घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि तस्वीरें 5 अक्टूबर को कर्नाटक के बीदर में ऐतिहासिक महमूद गवां मस्जिद और मदरसे की हैं। उग्रवादियों ने उसका ताला तोड़ दिया और उसे अपवित्र करने का प्रयास किया। बीदर पुलिस और सीएम बसवराज बोम्मई आप ऐसा कैसे होने दे सकते हैं?