वर्षाकाल में नगरीय निकाय 1.7 करोड़ छायादार वृक्षों का रोपण करेंगे


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

वृक्षारोपण हेतु राज्य शासन ने नवीन मुख्यमंत्री नगर वन विकास योजना आगामी 5 वर्षों के लिये बनाई है जिसके लिये कुल 750 करोड़ रुपये बजट दिया जायेगा..!!

भोपाल: इस बार वर्षाकाल में प्रदेश के नगरीय निकाय 1 करोड़ 70 लाख छायादार पौधों का रोपण 15 जुलाई से 15 सितम्बर के बीच करेंगे। वृक्षारोपण हेतु राज्य शासन ने नवीन मुख्यमंत्री नगर वन विकास योजना आगामी 5 वर्षों के लिये बनाई है जिसके लिये कुल 750 करोड़ रुपये बजट दिया जायेगा। 

इस साल वर्षा ऋतु में इंदौर नगर निगम 40 लाख, भोपाल नगर निगम 15 लाख, जबलपुर-ग्वालियर-उज्जैन नगर निगम संयुक्त रुप से 30 लाख, शेष 11 नगर निगम 55 लाख, एक लाख एवं इससे अधिक जनसंख्या की 17 नगर पालिकायें 17 लाख एवं 1 लाख से कम जनसंख्या की 82 नगर पालिकायें 13 लाख पौधों का रोपण करेंगी।

वृक्षारोपण का कार्य नगरीय निकायों की स्वयं की भूमि/शासकीय भूमि/निजी कॉलोनी की पार्क की भूमि में जनसहयोग से किया जायेगा। पौधों की आपूर्ति स्थानीय नर्सरियों से की जायेगी। पौधरोपण में इस बात का ध्यान रखा जायेगा कि डेकोरेटिव पौधे या हेजेस प्रकार के पौधे नहीं रौंपे जा सके बल्कि छायादार पौधों का रोपण किया जायेगा।