काबुल. अमेरिका ने आखिरकार अलकायदा सरगना अल जवाहिरी को भी मार डाला. अल जवाहिरी को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक ड्रोन स्ट्राइक में मार गिराया है। यह ड्रोन स्ट्राइक अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA की स्पेशल टीम ने की थी। जवाहिरी अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार आने के बाद से ही काबुल में ही रह रहा था। खुफिया सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर ही जवाहिरी पर ड्रोन स्ट्राइक की गई जिसमें उसकी मौत हो गई। जवाहिरी के खात्मे के लिए काबुल के शेरपुर इलाके में ड्रोन स्ट्राइक की गई। स्ट्राइक के दौरान जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई। अमेरिकी एक्शन पर तालिबान भड़क गया है. उसने इसे दोहा समझौते का उल्लंघन बताया है। उधर अल जवाहिरी के मारे जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि हमने जवाहिरी को ढूंढकर मार दिया।
2011 में अलकायदा के संस्थापक ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद जवाहिरी ने इस आतंकी संगठन की कमान संभाली थी। 11 सितंबर 2001 को आतंकियों ने कॉमर्शियल प्लेन हाइजैक कर अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर टकरा दिए थे। अमेरिका और दुनियाभर में इसे 9/11 अटैक के नाम से जाना जाता है। इस हमले में 93 देशों के 2977 लोग मारे गए थे। इस हमले में ओसामा बिन लादेन और अल जवाहिरी समेत अलकायदा के टेररिस्टों को अमेरिकी जांच एजेंसी ने आरोपी बनाया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अल जवाहिरी के मारे जाने के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा- 'हमने जवाहिरी को ढूंढकर मार दिया । अमेरिका और हमारे लोगों के लिए जो भी खतरा बनेगा, हम उसे नहीं छोड़ेंगे। हम आतंक पर अफगानिस्तान में हमले जारी रखेंगे।' इससे पहले बाइडेन ने ट्वीट भी किया, 'शनिवार को मेरे निर्देश पर अमेरिका ने अफगानिस्तान के काबुल में हवाई हमला किया. इसमें अलकायदा का अमीर अयमान अल जवाहिरी मारा गया। इंसाफ हो गया। वहीं अमेरिकी एक्शन पर तालिबान भड़क गया है. तालिबान ने इसे दोहा समझौते का उल्लंघन बताया है।