पेट्रोल-डीजल अब और सस्ता हो गया है. केंद्र के बाद अब राज्य करों में कटौती कर रहे हैं. तीन प्रदेशों में टैक्स घटा है. रविवार को महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर वैल्यू ऐडेड टैक्स वैट कम कर दिया। महाराष्ट्र सरकार के बयान में कहा गया है कि पेट्रोल में ₹2.08 प्रति लीटर और डीजल मेें ₹1.44 प्रति लीटर कटौती को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। केंद्र की ओर से पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में ₹8 और ₹6 प्रति लीटर की कमी करने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने ये कदम उठाया है। केंद्र द्वारा की गई कस्टम ड्यूटी की कटौती से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹9.5 प्रति लीटर और ₹7 प्रति लीटर की कमी आई। अब राज्यों ने भी वैट घटाना शुरू कर दिया जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतें और ज्यादा कम हो गई है।
महाराष्ट्र सरकार को वैट में कमी के बाद पेट्रोल पर हर माह करीब ₹80 करोड़ और डीजल पर ₹125 करोड़ का नुकसान हो सकता है। इस प्रकार सरकार को सालाना करीब 2,500 करोड़ रुपए का घाटा होगा। एक्साइज ड्यूटी में कमी और वैट कम करने के फैसले के बाद मुंबई में एक लीटर पेट्रोल ₹109.27 और एक लीटर डीजल ₹95.84 का हो गया है।
इससे पहले राजस्थान ने पेट्रोल पर वैट घटाकर ₹2.48 प्रति लीटर और डीजल पर ₹1.16 प्रति लीटर घटाने का ऐलान किया था। केरल ने भी पेट्रोल पर 2.41 रुपए और डीजल पर 1.36 रुपए के टैक्स की कटौती की। इससे पहले पिछले साल भी केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी घटाई थी. 3 नवंबर को पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी कम की थी।