नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर वेंकी रामकृष्णन को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित 'ऑर्डर ऑफ मेरिट'  अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। किंग चार्ल्स तृतीय ने उन्हें यह सम्मान विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया है। रामकृष्णन भारतीय मूल के हैं।


सितंबर में अपनी मृत्यु से पहले महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने एक  ऐतिहासिक क्रम में 6 लोगों को नॉमिनेट किया था जिनमें आणविक जीवविज्ञानी रामकृष्णन भी शामिल थे। यह विशेष सम्मान ब्रिटेन की महारानी या महामहिम द्वारा प्रदान किया जाता है।


बकिंघम पैलेस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि महामहिम छह लोगों को 'ऑर्डर ऑफ मेरिट' देने से खुश हैं। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने सशस्त्र बलों, विज्ञान, कला, साहित्य या संस्कृति को बढ़ावा देने में विशेष योगदान दिया है। आगे कहा गया कि इन व्यक्तियों का चयन सितंबर की शुरुआत में कर लिया गया था।

रामकृष्ण का जन्म दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु के चिदंबरम में हुआ था। ब्रिटेन जाने से पहले उन्होंने अमेरिका में विज्ञान की पढ़ाई की। उन्हें 2009 में रसायन विज्ञान के क्षेत्र  उनके योगदान के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

ऑर्डर ऑफ मेरिट अवार्ड 1902 में किंग एडवर्ड सप्तम द्वारा स्थापित किया गया था। यह महाराजा या रानी द्वारा सशस्त्र बलों, विज्ञान, कला और साहित्य, संस्कृति आदि के प्रचार के लिए दिया जाता है।