बीते छह महीने से जारी रूस और यूक्रेन का युद्ध थमने का तो नाम नहीं ले रहा,बल्कि इसमें कई ऐसे खुलासे हो रहे हैं जो चौंका रहे हैं। हाल में रूस ने यूक्रेन पर लगातार हमले बढा दिये है। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र की एक अधिकारी ने दावा किया है कि यूक्रेनी महिलाओं के साथ रेप करने के लिए रूसी सैनिकों को वियाग्रा की सप्लाई की जा रही है। इतना ही नहीं, रूसी सैनिक महिलाओं के साथ बच्चों और पुरुषों को भी अपना निशाना बना रहे हैं।

यौन हिंसा को लेकर यूएन की विशेष प्रतिनिधि प्रामिला पैटन के अनुसार, यूक्रेनी महिलाओं के साथ बलात्कार करने और उन्हें बर्बर बनाने के लिए रूसी सैनिकों को वियाग्रा की सप्लाई की जा रही है। पैटन का दावा है कि ऐसा यूक्रेन के लोगों के साथ जानबूझकर किया जा रहा है, जो रूसी सेना की रणनीति का एक हिस्सा भी है।

खबरों के मुताबिक पैटन ने एएफपी को बताया कि, 'जब महिलाओं को कई दिन बंधक बनाकर रेप किया जा रहा है, छोटे बच्चों और पुरुषों का भी शारीरिक शोषण शुरू कर दिया गया है, जब महिलाओं के जननांगों को नुकसान पहुंचाया जा रहा हो, जब महिलाएं रूसी सैनिकों के पास वियाग्रा होने की गवाही दे रही हों, तो यह साफ तौर पर एक सैन्य रणनीति है।

पैटन ने आगे कहा कि पीडितों ने बताया है कि उनके साथ रेप के दौरान क्या कहा जा रहा है, उससे साफ जाहिर होता है उनके साथ जानबूझकर हैवानियत दिखाई जा रही है।हालांकि रिपोर्ट सिर्फ सौ मामलों की आई है लेकिन इससे ज्यादा मामले रिपोर्ट नहीं हो रहे हैं। पीड़ितों में पुरुष ही नहीं चार वर्ष तक के बच्चे के शामिल होने की बात भी सामने आई है।