राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। आज संसद में उनका अभिनंदन किया गया, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से हुई। अब उनकी जगह जगदीप धनखड़ देश के नए उपराष्ट्रपति होंगे। वेंकैया नायडू के विदाई समारोह में पीएम मोदी को छोड़कर सभी दलों के सभी नेता मौजूद रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक, भाषण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट करेंगे। निवर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू बुधवार, 10 अगस्त को पद छोड़ देंगे और उनके उत्तराधिकारी जगदीप धनखड़ गुरुवार, 11 अगस्त को उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।

स्मृति चिन्ह भेंट कर रवाना होंगे पीएम मोदी-

जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त को मोहर्रम और 11 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है, इसलिए इन दिनों सदन की बैठक नहीं होगी। सदन के सभी सदस्यों की तरफ़ से सोमवार यानि आज शाम को जीएमसी बालयोगी सभागार में नायडू के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी वेंकैया नायडू को स्मृति चिन्ह भेंट करेंगे। इसके साथ ही डिनर का भी आयोजन किया जाएगा।

जगदीप धनखड़ 11 अगस्त को लेंगे उपराष्ट्रपति पद की शपथ-

देश के 14वें उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद रविवार रात जगदीप धनखड़ ने वेंकैया नायडू से मुलाकात की। इस बीच, धनखड़ और उनकी पत्नी का स्वागत वेंकैया नायडू और उनकी पत्नी उषा नायडू ने किया। बताया जाता है कि बैठक करीब आधे घंटे तक चली और बाद में नायडू ने धनखड़ को आवास और सचिवालय का दौरा भी कराया।