MP News: देश के राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख नोचने का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में बड़ी बेरहमी से एक युवक मोर को पकड़ कर उसके पंख नोचता दिखाई दे रहा है. खबरों के मुताबिक, वीडियो को अपलोड करने वालों यूजर्स वीडियो के तार कटनी से जुड़े होने का दावा कर रहे है. ताज़ा जानकरी के अनुसार, मोर के साथ बर्बरता का ये मामला कटनी के रीठी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
अब युवक की इस हरकत को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है. कई लोग वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग कर रहे हैं. इस वीडियो पर वन मंडल अधिकारी गौरव शर्मा ने कहा कि कुछ दिन पहले गुजरात के एक NGO ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था. तब से ये वीडियो अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है.
डीएफओ ने बताया कि वीडियो पर संज्ञान ले लिया गया है. वीडियो में दिख रही बाइक के नम्बर के आधार पर युवक की पहचान की गई है. आरोपी का नाम अतुल है, जो कि कटनी के रीठी इलाके का रहने वाला हैं. फ़िलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकीं क्योंकि जब टीम इलाके में पहुंची तो वह घर पर नहीं मिला था. उसकी गिरफ्तारी के लिए अब पुलिस की भी मदद ली जा रही है.