अगर आप भी बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की तरह हर समय अपनी फिटनेस को लेकर परेशान रहते हैं तो आज हम आपके लिए लाए हैं योग के ऐसे आसन जिन्हें आप ऑफिस में भी आराम से कर सकते हैं। हाल ही में शिल्पा का एक शूट के दौरान एक्सीडेंट हो गया था और उन्हें पैर में चोट लगी थी।

इसके बाद से ही वह व्हीलचेयर का सहारा ले रही हैं। लेकिन अपनी फिटनेस को लेकर चिंतित होने के कारण वे व्हील चेयर पर योग भी कर रही हैं। इसका वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। जिसमें अलग-अलग आसन देखे जा सकते हैं।

 

पर्वतासन

इस आसन को करने के लिए आपको खड़े होने की जरूरत नहीं है। आप एक कुर्सी पर बैठ सकते हैं और आराम से इसे कर सकते हैं। इसके लिए आप दोनों हाथों को मिलाकर बैठ जाएं और हाथों को ऊपर की ओर सिर के ऊपर ले जाएं। आंखें बंद करके गहरी सांस लें और इस स्थिति में 30 सेकेंड तक रहें। अंत में थोड़ी देर आराम करे।

पार्श्वकोणासन

इस आसन को करने के लिए कुर्सी पर बैठकर अपने दोनों हाथों को फैलाएं। अब सांस भरते हुए दाएं हाथ को ऊपर की तरफ लाएं और बाएं हाथ को आसमान की तरफ ले जाएं और ऊपर देखने की कोशिश करें।

भारद्वाजासन

अगर आप इस आसन को करते हैं तो आप रीढ़ की हड्डी को ठीक रख पाएंगे। इसके लिए कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं। दोनों हथेलियों को एक दूसरे के सामने लाएं और गहरी सांस लें। अपनी रीढ़ की हड्डी पर ध्यान लगाये। अब सांस भरते हुए ऊपरी धड़ को जितना हो सके घुमाएं और फिर आराम करें।