भोपाल: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन संचालन के दौरान प्राप्त गंभीर शिकायतों और नियमों के उल्लंघन के मामलों को लेकर क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय एक बैठक कर सफारी के दौरान नियम तोड़ने पर अब होगी दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सहाय ने कहा है कि वन्यजीवों का मार्ग रोकने पर वाहन प्रतिबंधित होंगे।
यह निर्णय पार्क में सहाय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में उप संचालक योहान कटारा, पर्यटन प्रभारी अंकित सोनी, वन परिक्षेत्र अधिकारी ताला राहुल किरार, गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह सहित जिप्सी एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सफारी के दौरान अनावश्यक शोर-शराबा, वन्यजीवों का ध्यान आकर्षित करने के लिए आवाजें निकालना, सोशल मीडिया के लिए रील और वीडियो बनाने के उद्देश्य से वन्यजीवों को प्रभावित करना, वाहन संचालन नियमों की अनदेखी करना तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक मार्ग को अवरुद्ध करने जैसी शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कृत्यों से बांधवगढ़ की प्रतिष्ठा, पर्यटन व्यवस्था और वन्यजीव संरक्षण प्रयासों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी गाइड, वाहन चालक और नेचुरलिस्ट पर्यटन नियमों एवं आचार संहिता का अक्षरशः पालन करेंगे। पर्यटकों को वन्यजीवों को पुकारने, शोर मचाने या उनका ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रेरित नहीं किया जाएगा। सफारी के दौरान वन्यजीवों को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की रील, वीडियो अथवा सोशल मीडिया सामग्री का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
नियम उल्लंघन पर *वन्यजीव संरक्षण के तहत होगी कार्रवाई
पार्क प्रबंधन ने चेतावनी दी कि नियम उल्लंघन की शिकायत या प्रमाण मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पर्यटन नियमों और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। वन्यजीवों के अत्यधिक समीप जाने या उनका मार्ग अवरुद्ध करने पर पहली बार संबंधित वाहन को एक सप्ताह तथा दोबारा गलती करने पर एक माह तक प्रतिबंधित किया जाएगा। आर्थिक दंड, अनुमति निरस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकेगी।