Manipur Violence: कुछ दिनों की शांति के बाद आज यानी शुक्रवार 18 अगस्त 2023 को सुबह हिंसा प्रभावित मणिपुर में एक बार फिर गोलीबारी की ख़बर सामने आई हैं. ख़बरों के मुताबिक, उखरूल जिले के थोवई गांव में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच देर रात जमकर गोलीबारी हुई. इसमें कुकी समुदाय के 3 लोगों की मौत हो गई.
बीएसएफ हुई सक्रिय, इलाके में की घेराबंदी-
इस घटना के बाद बीएसएफ समेत कई सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बताई जा रही है.
सूत्रों ने बताया कि यहां गोलीबारी में कुकी समुदाय के तीन लोगों के मारे जाने की खबर है. उनकी पहचान भी हो गई है. सभी की उम्र 24 से 35 साल के बीच बताई जा रही है.
हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत-
मणिपुर हिंसा में अब तक 160 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मैतेई समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थी.
मणिपुर की 53 प्रतिशत आबादी मैतेई समुदाय की है और यह मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहती है. वहीं, नगा और कुकी आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है. यह राज्य के पर्वतीय जिलों में रहते हैं.