उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के एक कथित वीडियो से सियासी भूचाल आ गया है। वीडियो में तीरथ सिंह अपनी ही सरकार पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पूर्व सीएम रावत कहते दिख रहे हैं कि राज्य में बिना कमीशन के कोई काम नहीं कराया जा सकता। 

तीरथ सिंह रावत का ये वीडियो कब और कहां का है,यह स्पष्ट नही है। वे वीडियो में एक कमरे में यह कहते दिख रहे हैं कि मैं मुख्यमंत्री रहा हूं और शायद मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए लेकिन मुझे ये स्वीकार करने में कोई हिचक नहीं है कि जब हम उत्तर प्रदेश से अलग हुए थे, तो वहां सार्वजनिक कामों के लिए 20% तक कमीशन दिया जाता था। 

वीडियो में रावत कहते दिख रहे हैं कि अलग राज्य होने के बाद कमीशन खत्म हो जाना चाहिए था लेकिन यह अभ्यास जारी रहा।  हमने 20% कमीशन के साथ शुरूआत की. बता दें कि उत्तराखंड सन 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर राज्य बना था। 

पूर्व CM और बीजेपी सांसद रावत ने कहा कि मुझे बताया गया है कि कमीशन दिए बिना यहां (उत्तराखंड) में कुछ भी काम नहीं कराया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में कमिशनखोरी एक प्रथा थी, लेकिन दुर्भाग्य से ये उत्तराखंड में भी जारी रही। हालांकि, तीरथ सिंह रावत ने कहा कि इसके लिए किसी एक को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते। यह मानसिकता है। 

तीरथ सिंह रावत मार्च 2021 से जुलाई 2021 तक उत्तराखंड के सीएम रहे। हालांकि, उन्होंने सीएम रहते महिलाओं के जींस पहनने को लेकर विवादित टिप्पणी की थी जिस पर उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम और कृष्ण का अवतार भी बताया था।