मनी लॉन्ड्रिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन जेल में ही मसाज कराते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घिरते नजर आ रहे हैं। 

वायरल वीडियो में सत्येंद्र जैन जेल में न सिर्फ मसाज का लुत्फ उठा रहे हैं बल्कि कई लोग उनकी खिदमत करते भी देखे जा सकते हैं। वीडियो को जेल का सीसीटीवी फुटेज ही बताया जा रहा है। वीडियो सितंबर महीने होने का दावा किया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने अब तक सत्येंद्र जैन को बर्खास्त नहीं किया है। 

वीडियो से साफ है कि जैन को जेल में वीवीआईपी सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, तिहाड़ जेल प्रशासन के मुताबिक उसके संज्ञान में जब यह वीडियो आया था, तब  ही एक्शन लेकर संबंधित अधिकारियों और जेल स्टाफ पर कार्रवाई की जा चुकी है। 

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बीते दिनों कोर्ट में आरोप लगाया था कि सत्येंद्र जैन को दिल्ली की तिहाड़ जेल में VIP ट्रीटमेंट मिल रहा है। ED ने तमाम सबूत भी कोर्ट में पेश किये थे। इसके बाद ही एलजी के आदेश पर एक जांच कमेटी गठित की गई और इस सिलसिले जेल नम्बर 7 के सुपरिटेंडेंट अजित समेत 58 अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया था।