टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा और अपनी बेटी के साथ मथुरा में संत प्रेमानंद गोविंद शरण के आश्रम पहुंचे और उन्होंने बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया। विराट-अनुष्का मथुरा-वृंदावन की यात्रा पर हैं। वे रोजाना संतों के सानिध्य में समय बिता रहे हैं। हालांकि उनका कार्यक्रम बेहद गोपनीय रखा गया था।
विराट और अनुष्का ने सुबह 5 बजे के आस-पास अपनी बेटी के साथ वृंदावन के प्राचीन मंदिरों के दर्शन किए। दोनों सुबह सेवा कुंज पहुंचे थे। लेकिन बेटी की तबीयत खराब होने पर वापस होटल आ गए। इसके बाद विराट और अनुष्का वराहघाट स्थित श्री हित प्रेमानंद गोबिंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां महाराजश्री को माथा टेका।
वहां मौजूद लोगों ने महाराज को बताया कि विराट भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैं और अनुष्का शर्मा फिल्म अभिनेत्री हैं। इसके बाद महाराज प्रेमानंद गोविंद शरण ने उन्हें बैठने को कहा। साथ ही शिष्यों से श्रीजी की प्रसादी की माला अंगवस्त्र देने को कहा। महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद, विराट और अनुष्का ने एक घंटे तक श्रीहित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज का व्याख्यान सुना।
दिन में एक होटल में आराम करने के बाद वे शाम को हेलीपैड पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ फोटो भी खिंचवाई। यहां से दोनों हेलिकॉप्टर से दिल्ली लौट गए। दोनों ने बुधवार को बाबा नीम करौरी आश्रम और आनंदमयी आश्रम में भी दर्शन के बाद साधना की थी।