स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 18 अगस्त 2022 को अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में 14 साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान विराट के करियर में कई उतार-चढ़ाव भी आए लेकिन उन्होंने हमेशा अपने बल्ले से दमदार पारियां खेल कर आलोचकों को जवाब दिया।

विराट को महान सचिन तेंदुलकर के बाद पिछले डेढ़ दशक में सबसे बेहतरीन भारतीय बल्लेबाज माना जाता है। इस कारण उनकी हमेशा सचिन से तुलना की जाती है। यदि 14 साल के करियर पर नजर डालें तो वह रिकॉर्ड के आधार पर सचिन से आगे नजर आते हैं।

33 वर्षीय विराट ने पिछले 14 साल में भारतीय क्रिकेट टीम में फिटनेस के नए मापदंड स्थापित किए हैं। हाल यह है कि पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम समेत दुनियाभर के कई खिलाड़ी विराट कोहली को फिटनेस में अपना रोल मॉडल मानते हैं।

डेब्यू मैच में सस्ते में आउट हुए थे

विराट ने करियर का पहला वनडे श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में साल 2008 में खेला था। इस मैच में विराट बतौर ओपनर उतरे थे और सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए थे। भारतीय टीम यह मैच 8 विकेट से हारी थी। विराट के करियर की शुरुआत भले ही खराब रही लेकिन फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कप्तानी में भी चमके : विराट ने वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी भी संभाली। उनकी कमान में भारत ने 95 मैच खेले और 65 जीते। 27 हारे, एक टाई, 02 बेनतीजा रहे।