भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ कहे जाने वाले विराट कोहली पर टीम इंडिया से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है. वे इस समय करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। तमाम कोशिश के बावजूद उनका बल्ला खामोश है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में वे महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इस बीच उनके सामने एक और चुनौती आ खड़ी हुई है। अगर उन्हें टी-20 टीम में बने रहना है तो अब 160+ के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करनी होगी।
दरअसल अब टीम इंडिया ने ऑल आउट अटैक की रणनीति अपना ली है जिससे विराट पर नया संकट आ गया है. टीम इंडिया ने टी-20 क्रिकेट के लिए आक्रामक रणनीति बनाई है। हमारे बल्लेबाज अब शुरु से लेकर अंत तक हमलावर रुख अपनाए रहते हैं। बड़ी पारी खेलने पर जोर देने की जगह आक्रामक पारी खेलने पर ज्यादा जोर है। अब कम स्ट्राइक से बनाए गए ज्यादा रन की अहमियत नहीं है। बल्कि अब 180 के स्ट्राइक रेट से बनाए गए 35 रन ज्यादा कीमती हैं।
भारतीय टीम ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अब तक 4 मैच खेले हैं। इनमें भारत के बैटिंग ऑर्डर की टॉप-6 पोजीशन पर बल्लेबाजों ने 165 के स्ट्राइक रेट और 32.47 के औसत से रन बनाए। इधर विराट कोहली आमतौर पर 130 से 140 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते रहे हैं। कुछ मौकों पर ही उन्होंने 180 या 200 का स्ट्राइक रेट मेंटेन किया. अभी जिस तरह वे फॉर्म के लिए जूझ रहे हैं यह काम उनके लिए काफी मुश्किल हो सकता है। इस साल इंटरनेशनल मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 120 से भी कम रहा है। ओवऑल उनका करियर स्ट्राइक रेट 137.54 का है।
रोहित शर्मा ने साफ कर दिया कि यह रणनीति टीम आगे भी जारी रखेगी। सभी बल्लेबाजों को इसी अनुसार बैटिंग करनी होगी। भारतीय मैनेजमेंट चाहता है कि 12 से 15 मैच इसी रणनीति और कॉम्बिनेशन के साथ खेले जाएं तो वर्ल्ड कप में उतरे। इस तरह अगले 5 से 6 मैच हर खिलाड़ी के लिए ट्रायल की तरह है। जो फेल रहेगा वह बाहर होगा। ऐसे में सबसे ज्यादा खतरे में विराट कोहली ही हैं.