आजकल शादी विवाह में एक अलग ही तरह का ट्रेंड चल निकला है। शादी को यादगार बनाने के लिए लोग कई तरह के जतन करते हैं। आजकल डेस्टिनेशन वेडिंग को लेकर काफी क्रेज है। डेस्टिनेशन वेडिंग के साथ-साथ आजकल शादियों के दौरान थीम पार्टी से लेकर फेमस टूरिस्ट प्लेस के सेट तक तैयार किये जा रहे हैं।
इसी तरह का अनोखी शादी का मामला सूरत से सामने आया है। सूरत के एक बिल्डर ने शादी के सभी मेहमानों को चारधाम की सैर कराई। शादी के लिए तैयार आलीशान मंडप को कई मंदिरों की थीम पर तैयार किया गया।
यहां पर बनाए गए ज्योतिर्लिंग मंदिर के पूरे सेट को इस तरह से बनाया गया है कि ऐसा लगता है जैसे एंट्री गेट से देवभूमि पहुंच गए हों। मध्य प्रदेश का महाकाल मंदिर, उत्तराखंड का केदारनाथ, सोमनाथ मंदिर और आंध्र प्रदेश में मल्लिकार्जुन मंदिर की प्रतिकृति भी यहाँ बनाई गई।
इसके अलावा आदि शंकराचार्य के चार मठों में बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम शामिल हैं। इस पूरे सेट को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यहां आने वाले मेहमान को ऐसा लगेगा जैसे वह कुछ देर के लिए मंदिर पहुंच गया हो और फिर वे विवाह मंडप में प्रवेश करेंगे जहां वरमाला और विवाह की अन्य रस्में होंगी।
समारोह के लिए तैयार मंडप भी एक महल की तरह तैयार किया गया है। इसके अलावा यहां मेहमानों के बैठने की व्यवस्था भी बेहद खूबसूरत तरीके से की गई है। शादी के लिए तैयार की गई इस थीम को काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं बिल्डर की इस पहल को काफी सराहा भी जा रहा है।