प्रदेश के 11 नगर निगमों में होने वाली मतगणना को लेकर कांग्रेस पूरी सतर्कता बरतेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ 17 जुलाई यानी मतगणना के दिन भोपाल में बनाए गए विशेष चुनाव कंट्रोल रूम से पूरे प्रदेश की मतगणना पर नजर रखेंगे। मतगणना के दौरान गड़बड़ी की सूचना पर कमलनाथ लीगल टीम के साथ विशेष हेलीकॉप्टर से तत्काल उस शहर में पहुंच जाएंगे।  

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि इसके साथ ही कमलनाथ प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ मोबाइल पर संवाद के लिए भी मौजूद रहेंगे। मतगणना के दौरान किसी भी शहर में किसी तरह की गड़बड़ी होने की सूचना मिलने पर कमलनाथ अपनी वरिष्ठ अधिवक्ताओं की लीगल टीम के साथ विशेष हेलीकॉप्टर से तत्काल उस शहर में पहुंच जाएंगे। इसके लिए हेलीकॉप्टर भी विशेष रूप से तैयार रहेगा और पूरी लीगल टीम भी नियम, कानून कायदे के दस्तावेजों के साथ तैयार रहेगी।

कमलनाथ द्वारा कल के लिए विशेष तौर पर की गई इस व्यवस्था की जानकारी इन सभी नगर निगमों के महापौर प्रत्याशी तथा संबंधित शहर के शहर कांग्रेस अध्यक्ष को दे दी गई है। मतगणना के लिए हाल ही में कमलनाथ के द्वारा हर नगर के लिए एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति भी की गई है। उसके बाद अब यह एक और विशेष व्यवस्था कर दी गई है।

केके मिश्रा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि कल होने वाली मतगणना के समय सत्ताधारी पार्टी प्रशासन के दुरुपयोग की कोशिश कर सकती है। इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि मतदान के दौरान भाजपा के नेताओं ने बूथ कैपचरिंग के प्रयास किए और जब कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने इसकी शिकायत की तो उल्टे कांग्रेस के नेताओं पर ही मुकदमा दर्ज कर दिए गए।