हिमाचल प्रदेश की सत्ता के लिए मतदान शनिवार सुबह प्रारंभ हो गया। राज्य की 68 विधानसभा सीटों के लिए सुबह मतदान का आगाज धीमा दिखाई दे रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य की जनता से अधिक से अधिक मतदान की अपील की है। वहीं अब तक राज्य में कांटे का मुकाबला दिखाई दे रहा है।
सुबह 9 बजे तक 4.36% वोटिंग की खबर है। सबसे ज्यादा 6.24% मतदान मंडी जिले में हुआ है। लाहौल स्फीति में सबसे कम 1.56% मतदान हुआ है। वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। मतगणना 8 दिसंबर को होगी। चंबा जिले में 5.03 और मंडी जिले में 6.24 फीसदी मतदान हुआ है।
पूरे हिमाचल से 412 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य के करीब 56 लाख मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 28 लाख 54 हजार 945 पुरुष, 27 लाख 37 हजार 845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर वोटर हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 68 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 413 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश भर में 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान होगा।
चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत बोदेड़ी के गांव कुलाला की 36 वर्षीय लालदेई दो किलोमीटर पैदल चलकर बोदेड़ी पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचीं। लालदेई 35 फीसदी दिव्यांग है। दो साल पहले बीमारी के कारण डॉक्टरों को उनकी टांग काटनी पड़ी।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मणिपुर और गोवा में हमारी सरकार दोबारा बनी है। इस बार हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी ऐसा होने जा रहा है। भाजपा सरकार में सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के मतदान केंद्र संख्या 83-84 पर मतदान किया। उन्होंने मतदान से पहले शिमला के रामपुर में शनि मंदिर में दर्शन किए।