कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को 9 हजार डेलिगेट्स (वोटर) मतदान करेंगे। मतदान देश भर की प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ऑफिस में होगा। अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़के और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। खड़गे को आलाकमान का चेहरा माना जा रहा है ऐसे में इस चुनाव में गांधी परिवार की साख दांव पर है। 

दूसरी ओर शशि थरूर की उम्मीदवारी को लेकर भी डेलिगेट्स में उत्साह दिख रहा है। शशि थरूर  ने अपने पूरे चुनाव प्रचार में कांग्रेस में बदलाव को लेकर जो विजन रखा है उसे डेलीगेट्स काफी प्रभावित नज़र आ रहे हैं लेकिन उनका समर्थन थरूर को वोट के रूप में मिलेगा इसे लेकर स्थिति साफ़ नहीं है। 

अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग सोमवार को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे डेलिगेट्स मतदान कर सकेंगे। कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी के मुताबिक़ हर 200 डेलिगेट्स के लिए एक बूथ बनाया गया है। चुनाव के लिए  36 पोलिंग स्टेशन, और 67 बूथ होंगे। उत्तरप्रदेश में सबसे ज्यादा 6 बूथ है। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल राहुल गांधी समेत 47 डेलिगेट्स कर्नाटक के बेल्लारी में वोट डालेंगे। 

नामांकन की आखिरी तारीख 30 सितंबर को शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे ने नामांकन दाखिल किया। मल्लिकार्जुन खड़गे के नामांकन में कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता शामिल हुए थे, जो यह दिखाने के लिए काफी था कि खड़गे गांधी परिवार के प्रत्याशी हैं। अब आज वोटिंग होगी और 19 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।

गांधी परिवार का ब्रांड होने के नाते मल्लिकार्जुन खड़के भले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव जीत जाएं किंतु सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड के अनुसार शशि थरूर आगे हैं। थरूर के ट्विटर हैंडल के फॉलोअर्स की संख्या 84 लाख है जबकि खड़के को एक लाख से कम लोग फॉलो करते हैं।  

कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए आखिरी बार साल 1998 में वोटिंग हुई थी। तब सोनिया गांधी के सामने जितेंद्र प्रसाद थे। सोनिया गांधी को करीब 7,448 वोट मिले, लेकिन जितेंद्र प्रसाद 94 वोटों पर ही सिमट गए। सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने पर गांधी परिवार को कभी कोई चुनौती नहीं मिली।