मध्यप्रदेश के 19 नगरीय निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान को देखते हुए 19 निकायों में प्रशासन ने अवकाश भी घोषित कर रखा है। सुबह से ही हुई. कड़ाके की सर्दी के बाद भी मतदाताओं ली लाइन पोलिंग बूथ पर नज़र आ रही है।
जिन 19 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है उनमे छह नगर पालिका और 13 नगर परिषदें शामिल हैं। कुल पांच लाख से अधिक मतदाता 19 निकायों के 343 वार्ड के लिए 720 मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। 19 निकायों में एक हजार 144 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
गुना की राघौगढ़ नगर पालिका, धार की धार, पीथमपुर और मनावर, बड़वानी की बड़वानी और सेंधवा नगर पालिका, अनूपपुर की जैतहरी, खंडवा की ओंकारेश्वर, बड़वानी की पानसेमल, खेतिया, पलसूद, राजपुर और अंजड़, धार की धरमपुरी, धामनोद, कुक्षी, राजगढ़, सरदारपुर और डही नगर परिषद के लिए मतदान हो रहा है।
राघौगढ़ पर नजरें
इन 19 निकायों में सबसे अधिक नजरें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय व उनके पुत्र जयवर्धन सिंह के गढ़ राघौगढ़ पर हैं। दिग्विजय सिंह के गढ़ को अब तक भाजपा भेद नहीं सकी है। इसलिए भाजपा ने यहाँ पूरी ताकत झोंक रखी है। राघौगढ़ नगर पालिका में 24 वार्ड हैं। निकायों चुनाव के नतीजे 23 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।