हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया। हिमाचल में सभी 68 सीटों पर एक ही चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा।  वहीं 8 दिसंबर को काउंटिंग होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी।

संशोधन के बाद 1 जनवरी के बाद जो अभी-अभी वोटर बने हैं, वे भी वोट दे सकेंगे। नए वोटर्स को एक वेलकम किट दिया जाएगा उसमें सभी मतदाता कार्ड और सारी सामग्री मौजूद रहेगी। वहीं कुछ बूथ पूरी तरह से महिलाओं के अंडर में रहेंगे । महिलाएं ही उन बूथों की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगी।

हिमाचल में अभी भाजपा की सरकार है।  राज्य में नवंबर में विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। राज्य में विधानसभा चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा समेत विपक्षी पार्टियों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

बीते  2017 में हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को जीत मिली थी। हिमाचल प्रदेश की विधानसभा में 68 सीटों में से बीजेपी को 44 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशियों ने 21 सीटें हासिल की थी। भाजपा ने चुनाव जीतने के बाद जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाया था। यहां पर सरकार हमेशा बदलती रही है, लेकिन इस बार देखना होगा कि बीजेपी इतिहास को बदलने में सक्षम होती है कि नहीं।