बीते 24 घंटे में ही देश में मानसून की रफ्तार बेहद तेज हो गई है और इसका तेवर रौद्र हो रहा है। देश के करीब सभी राज्यों में मानसून पहुंच गया है। जम्मू- कश्मीर से लेकर केरल और गुजरात से लेकर मेघालय तक भारी बारिश हो रही है। बीते दिन देशभर में हुई बारिश में कई हादसे भी हुए। पांच राज्यों में 14 लोगों की जान गई। मप्र में भी मानसून बरस रहा है और आज भी तेज बारिश के आसार हैं। 

मुंबई में एक इमारत का हिस्सा गिरने से चार लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में भरे पानी में बिजली के खंभे से करंट लगने से एक महिला की जान चली गई। उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के चलते तीन लोगों की मौत की खबर है। जबकि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अचानक आई बाढ़ से 200 लोग फंस गए। मंडी कुल्लू नेशनल हाईवे ब्लॉक किया गया। उत्तराखंड के में चारधाम यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम का अपडेट देखकर ही अपनी यात्रा में आगे बढ़ें।

दो दिन तेज बरसात

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन तक देश के 25 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इन राज्यों में झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल शामिल हैं।