मानसून के देश में प्रवेश करने से पहले ही मौसम बदल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण केरल, भारत के तट पर आने की उम्मीद है। इससे पहले भी देश के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, देश के किसी भी हिस्से में अगले पांच दिनों तक लू की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
इन राज्यों में पांच दिनों से न गर्मी, न बारिश-
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, झारखंड और केरल में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।मौसम विभाग ने झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना जताई है। केरल में अगले कुछ दिनों में बारिश और तूफान की गतिविधि देखने को मिलेगी। जहां तक यूपी की बात है तो यहां भी कई शहरों में बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में मौसम की स्थिति-
IMD के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। IMD ने कहा कि अगले दो दिनों में राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
मौसम वैज्ञानिक आर.के जेनामणि ने कहा कि दिल्ली के पड़ोसी इलाकों जैसे दक्षिण हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण आने वाले दिनों में तापमान में कोई उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद नहीं है। दिल्ली और उसके आसपास तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा क्योंकि दक्षिणी हरियाणा में नूँह और गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश हुई है। अगले पांच दिनों तक लू की संभावना नहीं है।
यानी रविवार को भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। इस सप्ताह की शुरुआत में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। हलकी बारिश ने दिल्ली को गर्मी से काफी राहत दिलाई है।