T-20 वर्ल्ड कप के दूसरे दिन दूसरा बड़ा उलटफेर हो गया। दो बार T-20 वर्ल्ड कप चैम्पियन रह चुकी वेस्टइंडीज को क्वालिफाइंग राउंड में अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। स्कॉटलैंड ने सितारों से सजी वेस्टइंडीज को 42 रनों के बड़े अंतर से मात दी। 

स्कॉटलैंड ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 160 रन बनाए और पहिए वेस्टइंडीज की टीम को 118 रन पर समेट दिया। स्कॉटलैंड की सधी हुई गेंदबाज़ी के सामने वेस्ट इंडीज़ के सात बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 

स्कॉटलैंड के स्लो लेफ्ट आर्म बॉलर मार्क वाट ने 3 विकेट झटके। वहीं स्कॉटलैंड के ओपनर जॉर्ज मुंसी ने 66 रन की पारी खेली। टूर्नामेंट के पहले दिन भी उलटफेर हुआ था, जब नामीबिया ने श्रीलंका की टीम को क्वालिफाइंग मैच में हरा दिया था।

क्वालिफाइंग राउंड में 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। इसमें से ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर 12 में शामिल होंगी। वर्ल्ड कप के क्वालिफाइंग राउंड का चौथा मैच जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला जाएगा। प्रैक्टिस मैच में जिम्बाब्वे को श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं आयरलैंड को वॉर्मअप मैच में नामीबिया से हार मिली थी।