कांग्रेस सांसद और लेखक शशि थरूर की पिछले दिनों एक किताब आई है, जिसका नाम है 'अस्मिता का संघर्ष : राष्ट्रवाद, देशप्रेम और भारतीय होने का अर्थ' । इस किताब की विषयवस्तु पर उन्होंने कहा है कि हिंदुत्ववादी मानते हैं कि वे कुछ भारतीय बाकियों से अधिक भारतीय हैं, लेकिन मैं ऐसा नहीं मानता। थरूर ने एक अखबार से बात करते हुए कहा कि 'हां, एक गलती हमने की है सेकुलर शब्द इस्तेमाल करके । अंग्रेजी शब्दकोश में इसका मतलब धर्म से दूर रहना है, इसीलिए इसका अर्थ धर्मनिरपेक्षता हो गया।

' थरूर ने कहा कि हमारे देश में ज्यादातर लोग धार्मिक हैं और हमारा देश पंथनिरपेक्ष ज्यादा है। लेकिन हिंदुत्ववादी यह नहीं मानते, उनके विचार में यह हिंदू राष्ट्र है। अगर मुसलमान हैं तो डाकू के जैसे आक्रमण करके हमारे देश में आए हैं तो मुसलमानों को बराबर अधिकार नहीं मिल सकते। दूसरी बात है कि इतिहास में कई दुखी करने वाली चीजें हैं। यह सच है कि कुछ मुसलमान राजाओं ने ऐसा किया, जो नहीं करना चाहिए। लेकिन इतिहास को वर्तमान में उठाकर आप क्या करना चाहते हैं?

यह सच है कि औरंगजेब ने काशी विश्वनाथ का मंदिर तोड़ा, लेकिन 21वीं सदी में इन घावों को कुरेदकर कौन सा प्रयोजन सिद्ध होगा ? थरूर बोले मेरी चिंता है कि हिंदुत्ववादी हमारी को बदल रहे हैं। 7-8 साल से एक ही बात बोल रहे हैं, इस वजह से लोगों की विचारधारा बदल रही है। अल्पसंख्यक के खिलाफ जिस तरह के पक्षपात हम देख रहे हैं, पहले ऐसा करना बुरा माना जाता था। आज नेता खुलेआम ऐसी बात कहते हैं ।

बदलता उत्तर भारत और दक्षिण भारत

पाकिस्तान मजहब के नाम बनाया गया देश है, भारत उस विचार के ठीक विपरीत बनाया गया। राष्ट्रपति, क्रिकेट कप्तान, मंत्री, न्यायाधीश इन सभी स्थानों पर मुसलमान रहे हैं। यदि हमने इसके उलट कहा कि अब यह सिर्फ हिंदुओं के लिए होगा, तो भारत का चरित्र बदल जाएगा। भारत की एकता के लिए यह एक डर है, जबकि दक्षिण और उत्तर भारत में सोच अलग है। केरल और तमिलनाडु में  मुसलमान तलवार लेकर नहीं आए।

अरब के लोग इस्लाम आने से सैकड़ों साल पहले से व्यापार करते थे। वे नबी का संदेश लेकर आए, जैसे आदि शंकराचार्य ने केरल से बाहर हिंदू धर्म फैलाया। केरल के मुसलमानों में कोई हीन भावना नहीं है, और मैं चाहता हूं कि भारत भर में इसी किस्म की सोच हो जाए। लेकिन मेरा डर है कि उत्तर भारत इतनी तेजी से बदल रहा है कि दक्षिण भारत को लगने लगेगा कि ये किसी और तरह का देश है, और इन लोगों के साथ कैसे रहें !