सुप्रीम कोर्ट को आज 2 नए जज मिले है। मुख्य न्यायाधीश एन.वी रमना ने दो नए न्यायाधीशों- जस्टिस सुधांशु धूलिया और जस्टिस जमशेद बरजोर पारडीवाला को पद की शपथ दिलाई। सुप्रीम कोर्ट में जजों के 34 में से दो पद खाली थे। अब दोनों पद भर गए है। जानकारी के मुताबिक, जस्टिस पारडीवाला 2028 में चीफ जस्टिस बन सकते है।
कौन है सुधांशु धूलिया?
10 अगस्त 1960 को जन्मे जस्टिस सुधांशु धूलिया अब तक गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रह चुके है। मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले जस्टिस धूलिया के पिता केशव चंद्र धूलिया इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज थे। उनके दादा भैरव दत्त धूलिया एक स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने 'भारत छोड़ो' आंदोलन में भाग लेने के लिए 3 साल जेल में बिताए थे। जाने-माने फिल्म निर्देशक और अभिनेता तिग्मांशु धूलिया उनके छोटे भाई है।
कौन है जमशेद बरजोर पारडीवाला?
जस्टिस जमशेद बरजोर पारडीवाला सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति से पहले गुजरात हाई कोर्ट के जज थे। उनका जन्म 12 अगस्त 1965 को मुंबई में हुआ था। वे गुजरात के नवसारी और वलसाड के एक जाने-माने परिवार से आते है। उनके पिता बड़जोर कावासजी पारडीवाला ने 52 साल तक वकालत की थी। उनके दादा और परदादा भी प्रसिद्ध वकील थे।
जमशेद पारडीवाला सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में पारसी समुदाय के छठे जज है। वह 2028 में देश के मुख्य न्यायाधीश भी बन सकते है। अगर ऐसा होता है तो वह जस्टिस एस.पी भरूचा और जस्टिस एस.एच कपाड़िया के बाद इस पद को संभालने वाले पारसी समुदाय के तीसरे सदस्य होंगे।