विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अलर्ट के बाद गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत के मामले में चार भारतीय कफ सिरप से जुड़े होने की बात सामने आई है, भारत में अब इसकी जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों ने कहा कि ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (CDSCO) ने तुरंत मामले की हरियाणा नियामक प्राधिकरण के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। ये कफ सिरप हरियाणा के सोनीपत में मेसर्स मेडेन फार्मास्युटिकल लिमिटेड द्वारा निर्मित है।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि WHO ने 29 सितंबर को कफ सिरप के बारे में ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (CDSCO) को अलर्ट किया था। सूत्रों ने कहा कि कफ सिरप हरियाणा के सोनीपत में मेसर्स मेडेन फार्मास्युटिकल लिमिटेड द्वारा निर्मित है। मामले पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि फर्म ने इन उत्पादों को केवल गाम्बिया भेजा था। कंपनी ने अभी तक आरोपों का कोई जवाब नहीं दिया है।

इस मामले में, WHO ने चेतावनी दी है कि हो सकता है कि सिरप को पश्चिम अफ्रीकी देश के बाहर वितरित किया गया हो, जिससे वैश्विक जोखिम पैदा हो सकता है। हालांकि, WHO ने अभी तक बच्चों की मौत को कफ सिरप से नहीं जोड़ा है।

WHO के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने कहा कि चार भारतीय कफ सिरप को किडनी खराब होने और गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत से जोड़ा गया है। WHO की चेतावनी के अनुसार, इसके चार उत्पाद प्रोमेथाज़िन ओरल सॉल्यूशन, कॉफ़ैक्समेलिन बेबी कफ सिरप, मैकॉफ़ बेबी कफ सिरप और मैग्रीप एन कोल्ड सिरप हैं।