भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाएंगे।  BCCI ने बुमराह के वर्ल्ड कप से बाहर होने की आधिकारिक जानकारी सोमवार को दी थी। अब उनकी जगह कौन लेगा इसको लेकर बहस छिड़ गई है।

क्रिकेट विशेषज्ञ और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने भी इस मामले में अपनी राय दी है। 

सुनील गावस्कर का कहना है कि बुमराह की जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि बुमराह के विश्वकप में न रहने से भारत को काफी नुकसान होगा। भारतीय टीम में कोई ऐसा गेंदबाज नहीं है जो उनकी जगह ले सके। हालांकि जिस तरह से दीपक चाहर और अर्शदीप सिंह ने हाल के दिनों में गेंदबाजी की है उससे टीम की उम्मीदें थोड़ी बढ़ी हैं। गावस्कर का मानना है कि दीपक चाहर टीम में बुमराह की जगह लें।

वहीं अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन का मानना है कि टीम इंडिया में बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज काम के साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि “बुमराह की एबसेंस में मैं जिस खिलाड़ी को टीम में शामिल करूंगा वह मोहम्मद सिराज है। बुमराह के बिना टीम इंडिया के पास गेंदबाजी में गति की कमी होगी लेकिन सिराज नई गेंद से ऑस्ट्रेलिया में कहर बरपा सकते हैं। उनके पास स्विंग करने और बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता है। 

यानी बुमराह के बाहर होने के बाद अब टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए मोहम्मद शमी, दीपक चाहर और हम्मद सिराज के बीच मुकाबला है। हालांकि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ये भी कहा है कि बुमराह पूरी तरह से आउट नहीं हुए हैं उनकी वापसी की उम्मीद है। कोच राहुल द्रविड़ ने भी कहा कि उन्हें पूरी तरह से बाहर नहीं किया गया है। 

टी- 20 वर्ल्ड कप कब है?

टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 16 अक्टूबर से हो रही है। हालांकि शुरुआत में क्वालीफाइंग राउंड खेले जाएंगे। सुपर-12 राउंड के लिए चार टीमें क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद सुपर-12 का राउंड 22 अक्टूबर से शुरू होगा। भारत समेत शीर्ष आठ टीमों ने सीधे सुपर-12 दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारतीय टीम अपनी शुरुआत 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।