केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला बोला है। सिंधिया ने केजरीवाल का एक वीडियो ट्वीट कर उन्हें बातों में माहिर और काम में मंथर बताया है।
पूरा मामला दिल्ली में प्रदूषण से जुड़ा है। दिल्ली में प्रदूषण के चलते स्थिति गंभीर दिखाई दे रही है। इस मुद्दे पर ही सिंधिया ने केजरीवाल का एक पुराना वीडियो शेयर किया, साथ ही लिखा- बातों में माहिर काम में मंथर
वीडियो में केजरीवाल पंजाब और हरियाणा में पराली जलाए जाने की समस्या के कई समाधान बताते नजर आ रहे हैं। वीडियो तब का है जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी लेकिन अब पंजाब में आप की ही सरकार है ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं केजरीवाल अपने इन आइडिया को पंजाब सरकार से क्यों लागू नहीं करा रहे हैं?
गौरतलब है कि दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार सुबह प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। शुक्रवार की सुबह पांच बजे दिल्ली का एक्यूआई 455 तक दर्ज किया गया जबकि नोएडा का 427 और ग्रेटर नोएडा का 444 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में सुबह-सुबह नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर पर सफेद चादर छायी रही।