दमोह. दमोह में एक महिला ने बॉयफ्रेंड के साथ रहने के लिए पति का गला रेत दिया। दोनों का पिछले चार साल से अफेयर चल रहा है। हत्या के बाद महिला फूट—फूटकर रोते हुए पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गई। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तब मामले का खुलासा हुआ। हत्या का आरोपी महिला के पति का जिगरी दोस्त भी था। यह मामला पथरिया के मिर्जापुर गांव का है। 28 जून की इस वारदात का खुलासा 3 जुलाई को हुआ।
पुलिस ने बताया कि 28 जून को मिर्जापुर गांव में रहने वाली सावित्री पटेल थाने पहुंची थी। उसने पुलिस से कहा कि पति बल्लू पटेल रात से घर नहीं आया है। इसपर पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान दोपहर में खेत पर उसके पति बल्लू का शव मिला। पुलिस ने शव मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पत्नी से भी पूछताछ की। वह पुलिस को गुमराह करने के लिए बार-बार अपने बयान बदलती रही। इससे पुलिस को शक हो गया। इस आधार पर पुलिस ने उसके कॉल डिटेल निकलवाए तो पता चला कि सावित्री किसी हल्ले रैकवार से लगातार बात करती है। घटना वाले दिन भी उनकी बहुत देर तक बात हुई है। पता चला कि वह बल्लू पटेल का जिगरी दोस्त है। पुलिस ने दोनों के अलग-अलग बयान लिए और सख्ती करने पर हल्ले ने वारदात कबूल कर ली। दमोह पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चार साल से था अफेयर
बाद में सावित्री ने पुलिस को बताया उसके तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा 9 साल का है। बल्लू पेशे से किसान था और वह शराब का आदी था। शराब के नशे में धुत होकर वह आए दिन उससे और बच्चों के साथ मारपीट करता था। इससे वह परेशान हो चुकी थी। हल्ले और बल्लू दोस्त थे। उसका घर आना-जाना था। इसी दौरान हल्ले के साथ उसका अफेयर हल्ले हो गया। उनके बीच चार साल से संबंध थे।
सावित्री और हल्ले एक साथ रहना चाहते थे लेकिन इसके बीच बल्लू रोड़ा बन रहा था, जबकि बल्लू को इसकी भनक तक नहीं थी। दोनों ने बल्लू को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची। 28 जून को हल्ले ने देर रात बल्लू को फोन कर खेत पर बुलाया। दोनों ने शराब पी और इसके बाद बल्लू सो गया। हल्ले ने तब धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।