दशकों से हम मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को भोपाल के नाम से ही जानते आए हैं। लेकिन शायद अब ये नाम बदला जा सकता है। शहर का नाम भोपाल से बदलकर भोजपाल किए जाने की मांग की जा रही है।
ये मांग उठाई है जगदगुरु रामभद्राचार्य ने, दरअसल वे इन दिनों भोपाल के भेल दशहरा मैदान में श्री राम कथा कर रहे हैं। भोजपाल महोत्सव समिति ने उनको रामकथा करने के लिए आमंत्रित किया है। 
जगद्गुरु रामभद्राचार्य के भोपाल आगमन के साथ ही एक बार फिर से भोपाल का नाम भोजपाल किए जाने का मुद्दा गरमाने लगा है। कथा के दौरान ही उन्होंने फिर से ये मांग उठाई साथ ही ये भी कहा कि इस बारे में मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात करूंगा। वे पहले भी कई बार ये मांग कर चुके हैं।
उनका ये भी कहना है, कि भोपाल को राजा भोज के कारण ही जाना जाता है। उनका भोपाल के लिए काफी योगदान रहा है। इसीलिए उनके सम्मान में भोपाल का नाम बदलकर भोजपाल कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने तो ये तक कह डाला कि जब तक कि भोपाल का नाम भोजपाल नहीं किया जाता मैं यहां कथा करने नहीं आऊंगा। उन्होंने कहा कि इससे किसी भी धार्मिक संगठन को परेशानी नहीं होनी चाहिए बल्कि इससे प्रदेश का गौरव बढेगा।