टी- 20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया में ओपनर बल्लेबाजों को लेकर संशय का आलम बना हुआ है। रोहित शर्मा के जोड़ीदार की भूमिका में केएल राहुल के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में विराट कोहली को ओपनर की भूमिका देने पर खूब चर्चा चल रही है।
एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ बतौर सलामी बल्लेबाज आकर शतक जड़ने के बाद विराट कोहली की भूमिका को लेकर चर्चाएं और तेज़ हो गईं हैं। कई पूर्व क्रिकेटर्स भी इस पर अपनी बात रख रहे हैं। इस भूमिका के लिए विराट को परफेक्ट भी बताया जा रहा है।
टीम इंडिया के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर की भी इस पूरे मुद्दे पर राय सामने आई है। गौतम गंभीर इस बात पर सहमत नहीं हैं कि विराट को ओपनर बल्लेबाज के तौर पर भेजा जाये। एक टीवी शो में उन्होंने साफ कहा कि 'यह बकवास शुरू मत कीजिए'।
स्टार स्पोर्ट्स के शो में गंभीर ने कहा कि विराट द्वारा ओपनिंग बल्लेबाजी करने को लेकर बकवास शुरू मत कीजिए। केएल राहुल और रोहित शर्मा के टीम में रहते हुए वह ओपनिंग नहीं कर सकते। इस टॉपिक पर डिबेट होनी ही नहीं चाहिए।
गंभीर ने यह भी कहा कि मैं नंबर-3 को लेकर जरूर थोड़ा फ्लेक्सिबल हूं। अगर ओपनिंग जोड़ी 10 ओवर तक टिक जाती है तो तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव को भेजा जाना चाहिए और अगर ओपनिंग जोड़ी में से कोई एक जल्दी आउट हो जाता है तो फिर नंबर-3 पर विराट कोहली फिट बैठते हैं।