महिला टी- 20 विश्व कप के सेमीफाइनल मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के अनुसार टीम की स्टार ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर बीमार होकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से बाहर हो गई हैं। पूजा वस्त्राकर ने मध्यप्रदेश के शहडोल से टीम इंडिया तक का सफर तय किया है। 

टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी इस मैच में खेलना मुश्किल है। मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को कमजोर माना जा रहा है। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत के बाहर होने पर भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया को हरा पाना बेहद मुश्किल होगा। 

बताया जा रहा है कि पूजा वस्त्राकर को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उनके गले में संक्रमण हुआ है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर की जगह स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, हरमनप्रीत के नहीं खेलने पर स्मृति मंधाना टीम की कमान संभालेंगी। 

मध्यप्रदेश के आदिवासी इलाके शहडोल के मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा वस्त्रकार को हाल ही में महिलाओं के आईपीएल के लिए मुंबई की टीम ने एक करोड़ 90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।