विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में भारत और न्यूजीलैंड का मुकाबला हो रहा है। इस मैच में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली है। इस पारी के साथ ही विराट ने सचिन तेंदुलकर के दो रिकॉर्ड को एक साथ तोड़ दिया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में विराट ने 80 रन बनाते ही सचिन के 20 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। सचिन ने साल 2003 में विश्व कप के दौरान 11 मैचों में 673 रन बनाए थे। विराट 80 रन बनाने के साथ ही सचिन से आगे निकल गए।
इसके अलावा विराट कोहली ने शतक पूरा करने के साथ ही वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी सचिन को पीछे छोड़ दिया। विराट अब वनडे में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं। विराट 117 रनों की बेमिसाल पारी खेलकर आउट हुए।
इससे पहले शुभमन गिल 65 बॉल पर 79 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गए। उनके पैर में क्रैम्प आया है। गिल इस वर्ल्ड कप में चौथी हाफ सेंचुरी पूरी कर चुके हैं। यह उनके वनडे करियर का छठा अर्धशतक है।
कप्तान रोहित शर्मा 29 बॉल पर 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें टिम साउदी ने केन विलियमसन के हाथों कैच कराया। टिम साउदी ने रोहित को वनडे पावरप्ले में 5वीं बार आउट किया है।