भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग (डब्ल्युआरडी) ने अपनी 6 किमी लम्बी सड़क सोलर पार्क हेतु नवकरणीय ऊर्जा विभाग को सौंप दी है। अब इस सड़क पर मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण हैवी ट्राफिक वहन करने के अनुरुप नया निर्माण करेगी।
उल्लेखनीय है कि सोलर एनर्जी कारपोरेशन ऑफ इण्डिया एवं मप्र ऊर्जा निगम की ’वाईंट वेंचर कंपनी रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड को देवास जिले में चयनित अलरी वाया खरेली मार्ग का चयन किया गया है जिससे आगर शाजापुर नीमच सोलर पार्क के लिये ट्रांसफर्मर, सोलर पैनल एवं केबल आदि वजनी निर्माण सामग्री का परिवहन किया जाना है।
इसीलिये इस मार्ग के उन्नयन की जरुरत है ताकि यह हैवी ट्रेफिक वहन कर सके। यह मार्ग जल संसाधन विभाग ने लखुंदर डैम साईट तक पहुंचने के लिये बनाया हुआ है। जल संसाधन विभाग ने उक्त मार्ग सौंपने में शर्त रखी है कि जल संसाधन विभाग के कर्मियों पर इस मार्ग पर कोई रोक नहीं लगाई जायेगी और न ही कोई टोल टैक्स वसूला जायेगा।
साथ ही मार्ग के उन्नयन से कृषकों की भूमि पर किसी प्रकार का कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाया जायेगा और भविष्य में इस सडक़ पर आधिपत्य जल संसाधन विभाग का ही रहेगा।