पाकिस्तानी सेना के कल से लापता हेलीकॉप्टर का मलबा लासबेला जिले के मूसा गोथ के पास मिला। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में सवार सभी सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई। जिनके शव मलबे से बरामद किए गए हैं। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, खराब मौसम के कारण ये हादसा हुआ है। ISPR के महानिदेशक (डीजी) ने ट्वीट कर बताया कि लासबेला जिले के मूसा गोथ में एक हेलिकॉप्टर का मलबा मिला। इसमें लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली समेत सभी 6 अधिकारियों और सैनिकों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि खराब मौसम के कारण ये हादसा हुआ है।
पाक पीएम शहबाज शरीफ हादसे पर जताया दुख-
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावितों को राहत प्रदान करने का नेक काम कर रहे लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली और पाकिस्तानी सेना के 5 अन्य अधिकारियों की हेलिकॉप्टर हादसे में हुई शहादत पर देश को गहरा दुख है। देश इन सपूतों के लिए हमेशा ऋणी रहेगा।
बलूचिस्तान में कल लापता हुआ था पाक सेना का हेलीकॉप्टर-
सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को लेकर जा रहा पाकिस्तान सेना का एक हेलीकॉप्टर कल लासबेला, बलूचिस्तान में बाढ़ राहत अभियान के दौरान लापता हो गया था। हेलीकॉप्टर में बारहवीं कोर के कमांडर जनरल सरफराज अली और अन्य पांच वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे। जो बलूचिस्तान में किए जा रहे बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे।