हत्या के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद ओलंपियन सुशील कुमार कैदियों को फिटनेस और कुश्ती की कोचिंग दे रहे हैं। जेल प्रशासन ने उन्हें अनुमति दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक, छह से सात कैदी फिलहाल सुशील कुमार से फिटनेस और कुश्ती की सीख ले रहे हैं।

जेल अधिकारियों ने बताया कि, सुशील कुमार ने हाल ही में यह प्रशिक्षण देना शुरू किया है। जेल अधिकारियों के मुताबिक अगर कोई कैदी कुश्ती सीखना चाहता है तो सुशील उन्हें ट्रेनिंग दे सकता है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले सुशील को अन्य कैदियों को फिटनेस और कुश्ती में प्रशिक्षित करने की अनुमति दी गई थी। हालांकि कोरोना ने ट्रेनिंग शुरू नहीं होने दी। अब जबकि कोरोना के मामले कम हो गए हैं, तो  सुशील कैदियों को फिटनेस ट्रेनिंग दे सकते हैं। ओलंपियन सुशील कुमार को 23 मई, 2021 को छत्रसाल स्टेडियम में सागर धनखड़ की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

इसी बीच दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके के छत्रसाल स्टेडियम में चार और पांच मई की आधी रात को पहलवानों के दो गुट आपस में भिड़ गए थे। इस घटना में सागर धनखड़ नाम का एक पहलवान मारा गया था। इस मामले की जांच के दौरान ओलंपिक चैंपियन सुशील कुमार का भी नाम सामने आया था। जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो भी मिला जिसमें सुशील कुमार मारपीट करते नजर आ रहे थे।

सितंबर 2021 में कोरोना की तीसरी लहर से ठीक पहले, दिल्ली कारागार विभाग ने विभिन्न खेलों में तिहाड़ के कैदियों को प्रशिक्षण प्रदान करने की पहल की। इसके तहत, कैदियों को खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज और कैरम नाम के छह खेलों में प्रशिक्षित किया गया था। जेल प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक सुशील कुमार की कोचिंग क्लास से सभी कैदियों को फायदा होगा। इससे सभी कैदियों को फिट और स्वस्थ रहने में मदद मिल सकती है। साथ ही यह प्रक्रिया बंदियों को व्यस्त रखेगी।