गुजरात में जीत के बाद से ही बीजेपी सरकार बनने की कवायद में जुट गई है. चुनाव नतीजों के तुरंत बाद ही बीजेपी ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम का ऐलान कर दिया था. फ़िलहाल भूपेंद्र पटेल ने आज (9 दिसंबर) अपनी पूरी कैबिनेट के साथ मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है.

गुजरात में 156 सीटें जीतकर बीजेपी ने इतिहास रच दिया है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद 7वीं बार नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. जिसके लिए भूपेंद्र पटेल ने आज दोपहर राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना और अपनी पूरी कैबिनेट का इस्तीफा सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्तीफे के बाद और शपथ ग्रहण समारोह से पहले बीजेपी ने 10 दिसंबर सुबह 10 बजे पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है. इस बैठक के ज़रिये विधायक दल का नेता चुना जाएगा. ये बैठक गांधीनगर में स्थित पार्टी मुख्यालय में बुलाई गई है. अब देखना ये होगा कि सभी विधायक किसे अपना नेता चुनते हैं.

जानिए कौन होगा सीएम..?

बीजेपी ने जीत के साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का ऐलान तो किया पर सीएम उम्मीदवार को लेकर चुप्पी साधे रखी. मीडिया सूत्रों के अनुसार, मौजूदा सीएम की ही फिर से ताजपोशी हो सकती हैं. उसी दिन करीब एक दर्जन से ज्यादा मंत्रियों को भी शपथ दिलाये जाने की उम्मीद है. समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निमंत्रण भेज दिया गया है.

इस चुनाव में दूसरी बार घाटलोडिया सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1.92 लाख से अधिक मतों से हराया हैं. इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही उम्मीद यही है कि बीजेपी उन्हें फिर से सीएम बना सकती हैं.

कब होगा शपथ ग्रहण समारोह-

गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का ऐलान करते हुए बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे. कार्यक्रम कहां आयोजित होगा, कितने लोग इसमें शामिल होंगे इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई हैं.