यूपी की जेल में बंद सपा नेता आजम खान को बड़ा झटका लगा है। क्योंकि वह आज विधानसभा में जाकर विधायक पद की शपथ नहीं ले पाएंगे। दरअसल, कोर्ट ने जेल प्रशासन की उस मांग को खारिज कर दिया है जिसमें आजम खान को शपथ ग्रहण के लिए विधायिका ले जानें की बात कही गई थी।
आजम खान ने सांसद पद से दिया इस्तीफा :
अखिलेश यादव के साथ, सपा नेता आजम खान ने भी हाल ही में लोकसभा से इस्तीफा दे दिया। वह रामपुर सीट से लोकसभा सांसद थे। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने इस सीट से जीत हासिल की है। अखिलेश के बाद अब आजम खान ने भी विधानसभा में रहने का फैसला किया है। ऐसे में उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया।
नए विधायकों ने ली शपथ :
यूपी विधानसभा में नए विधायकों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विधायकों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। साथ ही कुछ विधायकों ने आज भी शपथ ली, लेकिन सपा विधायक आजम खान इसमें शामिल नहीं हो पाए।
बेटों ने ली शपथ :
आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने विधायक पद की शपथ ली है।अब्दुल्ला ने रामपुर की स्वर सीट से जीत हासिल की है। जबकि मुख्तार के बेटे अब्बास मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
अब्बास अंसारी को हाईकोर्ट से मिली राहत :
वहीं अब्बास अंसारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने अब्बास की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने चुनाव आयोग और यूपी सरकार से 27 अप्रैल तक जवाब देने को कहा है। दरअसल, अब्बास पर चुनाव प्रचार के दौरान अधिकारियों को डराने-धमकाने का आरोप लगा था। उन्होंने प्रचार के दौरान कहा कि अगर सपा की सरकार बनती है तो पहले अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। मैं अखिलेश यादव से बात कर रहा हूं कि 6 महीने तक अफसरों को नहीं बदला जाए क्योंकि सबसे पहले उनका हिसाब होगा।