मिशन गुजरात की गूंज अब पूरे देश में सुनाई देने लगी हैं. बीजेपी, कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी की एंट्री ने इस चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है.
चुनावी मैदान में बीजेपी अपनी सत्ता बचाने के लिए एक्शन मोड हैं तो वहीं कांग्रेस घोषणापत्र जारी कर नए-नए वादे कर रहीं हैं. इस बीच आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल रोड़ शो कर बेहतर विकास का दावा करते हुए जनता से कह रहे हैं कि आपने बीजेपी-कांग्रेस को कई बार मौका दिया एक बार हमें भी मौका दीजिए.
अब जनता किसे मौका देगी ये तो 8 दिसंबर को नतीजे ही फैसला करेंगे. लेकिन फ़िलहाल मोरबी ब्रिज हादसे पर विपक्ष मोदी सरकार को घेरने के फूल प्रयास में हैं. अरविंद केजरीवाल ने तो गुजरात के वांकानेर में रोड़ शो के दौरान मोरबी हादसे का जिक्र करते हुए जनता से शानदार मोरबी ब्रिज बनाने का वादा तक कर दिया.
रोड़ शो के दौरान केजरीवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार लाओगे तो ब्रिज टूटेगा ही, नए इंजन की सरकार लाओगे तो शानदार मोरबी ब्रिज बनाएंगे.
इस दौरान केजरीवाल ने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोरबी में मारे गए 150 लोगों में से 55 बच्चे थे. ये बहुत दुःख की बात है लेकिन इससे ज्यादा दुःख की बात ये हैं कि जिन लोगों की वजह से यह हादसा हुआ उनको बचाने की कोशिश की जा रही है.
जो FIR दर्ज हुई है उसमें उस कंपनी और उसके मालिक का नाम तक दर्ज नहीं है, जिसने मोरबी ब्रिज बनाया था. उसे क्यों बचाया जा रहा है? क्या रिश्ता है इनका, कुछ न कुछ तो रिश्ता है. इसलिए इस बार डबल इंजन की नहीं, नए इंजन की सरकार बनाइये.
दीजिए AAP को एक मौका- CM केजरीवाल
झूठे चुनावी वादों पर केजरीवाल ने कहा कि मैं झूठे वादे नहीं करता. मैं नहीं बोलूंगा कि आपको 15 लाख दूंगा, क्योंकि नहीं दे सकता. जो काम मैं दिल्ली में करके आया हूं, जो काम मैं कर चुका हूं. वही काम का वादा गुजरात की जनता से करता हूं. आपने 27 साल बीजेपी को दिए, 5 साल के लिए एक मौका AAP को दीजिए. हम गुजरात के हर वर्ग के लिए काम करेंगे. इस दौरान केजरीवाल ने शानदार सरकारी स्कूल, मुफ्त इलाज, युवाओं को नौकरी और तीन हजार बेरोजगारी भत्ता देने का वादा तक किया.