भोपाल: प्रदेश की कृषि उपज मंडियां केंद्र के एगमार्कनेट पोर्टल पर मार्केट प्रोफाईल अपडेट नहीं कर रही हैं। इस पर केंद्र के विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय ने आपत्ति व्यक्त की है। इस आपत्ति के आने पर राज्य मंडी बोर्ड मुख्यालय ने अपने सभी आंचलिक कार्यालयों को हिदायत जारी कर मार्केट प्रोफाईल अपडेट करने के लिये कहा है।
हिदायत में कहा गया है कि वर्तमान में प्रदेश की कुल 259 मण्डी समितियों में से भारत सरकार की एगमार्कनेट योजना का क्रियान्वयन 257 मण्डी समितियों के 293 नोड्स में किया जा रहा है। पोर्टल पर दर्ज मण्डी समितियों के मार्केट प्रोफाईल की समीक्षा में यह पाया गया कि अधिकांश मण्डी समितियों के द्वारा अपने मार्केट प्रोफाईल की प्रारम्भिक जानकारी तो दर्ज की गई है परन्तु अधिकांश बिन्दुओं की जानकारी निरंक है, अपूर्ण है, अद्यतन नहीं है। इसलिये 31 दिसम्बर 2021 की स्थिति में एक सप्ताह की समय सीमा में सभी बिन्दुओं की जानकारी के साथ तत्काल पूर्ण रुप से अद्यतन कराकर पालन प्रतिवेदन भिजवाया जाये।
हिदायत में यह भी कहा गया है कि जिन मण्डी समितियों के सचिव को एगमार्कनेट डाटा रिपोटिंग एवं मार्केट प्रोफाईल की प्रविष्टि संबंधी मिसिंग यूजर आईडी एवं पासवर्ड की कठिनाई है, उनके प्रस्ताव संबंधित मण्डी सचिव से प्राप्त कर अविलम्ब मण्डी बोर्ड मुख्यालय को भेजे जायें ताकि कार्य में अनावश्यक विलम्ब न हो।