मध्य प्रदेश में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन के मौके पर नई शुरुआत हुई है. भोपाल के जंबूरी मैदान में 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' का शुभारंभ कार्यक्रम शुरू हो चुका है. इस योजना के जरिए पात्र महिलाओं को 1000 रुपए हर महीने दिए जाएंगे. आज के कार्यक्रम में प्रदेश भर से महिलाएं बड़ी संख्या में भोपाल आई हैं.

देंखे लाइव-

 

इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी संस्कृति में ही देवता के पहले देवी का नाम लेने की मान्यता रही है, लेकिन कालांतर में यह बदलाव आया और बेटी से ज्यादा महत्व बेटों को दिया जाने लगा. मेरी इच्छा होती कि कैसे बदलाव लाया जाए. हमारे देश में सदैव से नारियों के प्रति आदर करने की परंपरा रही है. लक्ष्मीनारायण, राधेश्याम, सीताराम में भी पहले देवी माता का नाम लेने की परंपरा रही है. अंग्रेजों के शासन में धीरे धीरे यह आदर कम हो गया.

योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम शिवराज बोले, मैंने कन्या विवाह योजना की शुरुआत की, जिससे गरीब परिवारों के लिए बेटियां चिंता का विषय न हों, बल्कि खुशी का विषय हों. इसके बाद मैंने लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की, जिससे बेटियों को पढ़ने और बढ़ने का अवसर मिले. मेरी बहनें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हों, ये मेरे ह्रदय की तड़प थी, इसलिए मैंने लाड़ली बहना योजना बनाई. अब मेरी बहनों को परेशान नहीं होना होगा. जो देश में कभी नहीं हुआ, वो आपके भाई शिवराज ने किया.

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपए भेजते हैं, तुम्हारा शिवराज 4 हजार रुपए देता है. अब परिवार की बहू और सास को भी मिलेंगे साल के 12-12 हजार रुपए. आपकी समृद्धि से घर खुशहाल होगा. मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना हमारी बहनों के सशक्तिकरण की योजना है. इस योजना का लाभ मेरी उन सभी बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आमदनी ढाई लाख से कम और 5 एकड़ से कम जमीन हो, जो इनकम टैक्स नहीं देतीं, उन सब बहनों के खाते में 1 हजार रुपए डाले जाएंगे. 

सीएम शिवराज ने बताया कि लाड़ली बहना योजना के लिए बहनों को कहीं भागदौड़ करने की जरूरत नहीं है, आपके क्षेत्र में ही शिविर आयोजित होंगे, इसकी जानकारी दी जाएगी. आवेदन के लिए भी ज्यादा कागजात की जरूरत नहीं है. लाड़ली बहना योजना के आवेदन के फार्म मार्च एवं अप्रैल में भरे जायेंगे और मई में आवेदनों के जांच का काम पूर्ण होगा. जून माह की 10 तारीख से आपके खाते में योजना के पैसे आने लगेंगे.

उन्होंने आगे कहा कि हर महीने 1 हजार रुपए मिलेंगे तो साल में 12 हजार रुपए होंगे. योजना से घर की हालत बदल जाएगी. बहन स्वाभिमान के साथ जिएंगी, सम्मान और इज्जत के साथ जिएंगी. यह केवल योजना नहीं है, यह बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान है. मेरी बहनों, योजना का लाभ लेने के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने की जरूरत नहीं है. लोकसेवा केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. मेरी बहनों अपने आवेदन में ढाई लाख रुपए से कम की आय लिख देना. इसे मान लिया जाएगा. साथ ही मेरी बहनों, आवेदन जमा करने आपको कहीं नहीं जाना है. आपके गांव और शहर के वार्डों में ही शिविर लगाए जाएंगे. आपको अपने गांव में ही आवेदन जमा करना है.