बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट दिल्ली में शुक्रवार से खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने इस टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया है। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट के नुकसान पर 94 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा अर्धशतक पूरा कर नाबाद हैं।
इससे पहले डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा ने 50 रन की ओपनिंग साझेदारी की। मोहम्मद शमी ने वॉर्नर को 15 रन पर पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अश्विन ने एक ओवर में कंगारुओं को दो झटके दे कर टीम इंडिया की वापसी कराई।
अश्विन ने पहले मार्नस लाबुशेन को 18 रन के निजी स्कोर पर चलता कर दिया। इसके बाद स्टीव स्मिथ को खाता खोलने से पहले ही अश्विन ने विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच करा मेहमानों को बड़ा झटका दिया।
इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया एक बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
टीम इंडिया टेस्ट सीरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी है। अब उसकी निगाहे इस टेस्ट को जीत सीरीज़ में अपराजेय बढ़त लेने पर हैं। अगर भारतीय टीम यह मुकाबला जीत लेती है तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल के लिए लगभग क्वालिफाई कर जाएगी।
वहीं अगर अगर टीम इंडिया इस टेस्ट को हार जाती है तो उसे फाइनल में जगह बनाने के लिए अगले दोनों मैच जीतने ही होंगे। वैसे दिल्ली में टीम इंडिया 36 सालों ने कोई मुकाबला नहीं हारी है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम यहां 64 सालों से कोई मुकाबला नहीं जीत सकी है। ऐसे में रिकॉर्ड टीम इंडिया के पक्ष में है।
प्लेइंग-11
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया : पैट कमिंस (कप्तान), डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, पीटर हैंड्सकम्ब, ट्रेविस हेड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), , नाथन लायन,टॉड मर्फी और मैथ्यू कुहेमेन।