बीजेपी से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान की गहलोत सरकार पर हमला बोला है। राज्य में लगातार बढ़ रही हिंसा पर केंद्रीय मंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी हमला बोला। मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान में पिछले 3 साल में मॉब लिंचिंग, महिलाओं के खिलाफ दुर्व्यवहार, बच्चों के साथ अत्याचार, दलितों के खिलाफ अत्याचार, एक मजहब विशेष के लोगों पर बर्बरता, जैसे अपराधों में नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
देखिये लाइव-
कांग्रेस पार्टी पर वार-
कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को जब देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, उस दिन राजस्थान के अलवर जिले में मुस्लिम संप्रदाय के लोगों ने एक गांव में सब्जी बेचकर अपनी आजीविका चलाने वाले चिरंजीलाल नाम के एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला। जब इतनी बड़ी घटना राजस्थान में हुई, तब से सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मानवाधिकार के चैंपियन कहां हैं?
प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि उदयपुर में जिस तरह की बर्बर और नृशंस हत्या हुई थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी, मृतक और शिकायतकर्ता कन्हैया लाल से ही माफीनामा लिखवाया गया। हत्या से एक दिन पहले भी उसने फोन करके सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बावजूद भी उसे सुरक्षा प्रदान नहीं की गई।
इस घटना के सूत्र अतिवादी संगठनों और लोगों के साथ जुड़े हुए हैं, ये NIA की जांच में सामने आया है। गहलोत सरकार उसमें भी प्रभावी कार्रवाई करने की बजाय चुप्पी साधे रही और मात्र सरकारी नौकरी और मुआवजे का लालच देकर उस मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
केंद्रीय मंत्री बोले, राष्ट्रीय क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के डेटा के अनुसार, आज राजस्थान देश में रेप के मामलों में पहले नंबर पर है, नाबालिक बच्चियों की तस्करी के मामले में देश में दूसरे नंबर पर है। उत्तर प्रदेश में “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” का नारा देने वाली प्रियंका गांधी जी को राजस्थान में बच्चियों की बदहाली क्यों नहीं दिखाई देती? राजस्थान में पिछले 1 साल में 53 नाबालिग लड़कियों की तस्करी के मामले सामने आए हैं, जिनमें से अधिकांश ट्राइबल बेल्ट के हैं।
हाल ही में करीब 12 नाबालिग बच्चियों की तस्करी करके उन्हें केरल ले जाया गया। जब ये समाचार छपा, तब तक राजस्थान पुलिस और उसके तहत काम करने वाली मानव तस्करी निरोधी यूनिट को इसकी जानकारी नहीं थी। हाथरस और उन्नाव की घटनाओं पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले राहुल गांधी और प्रियांका गांधी जो प्रायोजित दौरे करते हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आप राजस्थान में आकर भी कुछ दिन गुजारिये और यहां के हालात देखिए।