मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कैबिनेट बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जानकारी मांगी हैं। बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राज्य में कोरोना संक्रमण पर जानकारी देते हुए बताया कि, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 3 नए केस आए हैं, वहीं 12 मरीज ठीक हुए हैं। वर्तमान में कुल एक्टिव केस 43, संक्रमण दर 0.05% और रिकवरी रेट 98.70% है।

भ्रम फैलाकर हिंसा को हवा देना चाहते हैं, दिग्विजय सिंह..! मिश्रा

रामनवमी हिंसा पर सरकार द्वारा की गई कार्यवाही पर जवाब देते हुए गृह मंत्री बोले, जब दिग्विजय सिंह के शांति दूतों ने रामनवमी के जुलूस पर पत्थर फेंके, तब तो उन्होंने ट्वीट कर कोई सवाल नहीं खड़ा किया। लेकिन अब जब हम दंगाइयों पर कार्रवाई कर रहे हैं, तो दिग्विजय सिंह जी को पीड़ा हो रही है। दिग्विजय सिंह भ्रम फैलाकर सांप्रदायिक तनाव को हवा देना चाहते हैं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मस्जिद में झंडा फहराने की जो तस्वीर उन्होंने पोस्ट की है, वो एमपी की नहीं है। इस विषय में वैधानिक कार्रवाई को लेकर विशेषज्ञों से राय ली जा रही है।

 

दिग्विजय सिंह पर गृह मंत्री का वार :

गृह मंत्री बोले, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके दिग्विजय सिंह का जेल के अंदर की तस्वीर वायरल करना बताता है कि कानूनी नियम-प्रक्रियाओं के प्रति उनकी क्या धारणा है ? इस मामले में ग्वालियर जेल के सुपरिटेंडेंट मनोज कुमार साहू को प्रथम दृष्टया में दोषी मानते हुए निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।

हिंसा पर गृह मंत्री का बड़ा बयान :

प्रदेश में कई जगह हुई हिंसा पर गृह मंत्री बोले, भोपाल-रतलाम में पकड़े गए आतंकी हों या खरगोन के दहशतगर्द, ये सभी टुकड़े-टुकड़े गैंग के स्लीपर सेल हैं और प्रदेश सरकार इन्हें चैन से नहीं बैठने देगी। खरगोन मामले में भी अब तक 92 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई लगातार जारी है। 

कांग्रेस पार्टी दंगाइयों के पक्ष में..! मिश्रा

कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोंप लगाते हुए गृह मंत्री बोले, कमलनाथ कह रहे हैं कि वो किसानों की समस्या विधानसभा में उठाएंगे। अच्छी बात है, लेकिन वो पहले विधानसभा में आने की आदत तो डालें। खरगोन की घटना से कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा उजागर होता है। रामनवमी के जुलूस पर पत्थर फेंके जाने को लेकर कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी के लोग कुछ नहीं बोल रहे हैं। उनकी पार्टी का जो ट्वीट आया है, वो भी दंगाइयों के पक्ष में है।