MP News: सोमवार शाम 4 बजे सतपुड़ा भवन में लगी आग की लपटें मंगलवार सुबह 8 बजे तक शांत हो गई. लेकिन इस पर अब सियासत शुरू हो गई है. आचार्य प्रमोद कृष्णम ने ट्वीट में लिखा, हनुमान जी की महिमा अपरंपार है. कर्नाटक से सीधा भोपाल पहुंच गए और लंका दहन शुरू. इस बयान से ये साफ़ हैं कि सतपुड़ा भवन में लगी आग की लपटों के बीच 'बजरंग बली' की भी एंट्री मध्यप्रदेश में हो चुकी है.
वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी शिवराज सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए पूछा कि सतपुड़ा भवन में आग लगना अत्यंत चिंता का विषय है. प्रश्न यह है कि आग लगी है या आग लगाई गई है? उन्होंने आगे कहा, जिस तरह से विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व में भी और इस बार भी सतपुड़ा भवन में आग लगी है, वह छोटी बात नहीं है. 12,000 से अधिक फाइल जल जाने के समाचार आ रहे हैं. यह भ्रष्टाचार का मामला है. आग लगने की स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
बड़ी मुश्किल से आग़ पर पाया गया काबू-
बता दें सोमवार शाम करीब 4 बजे मध्य प्रदेश स्वास्थ्य संचालनालय के दफ्तर में भीषण आग़ लगने की खबर सामने आई थी. उसके बाद तुरंत पूरे ऑफिस को खाली कराया गया था. लपटे इतनी तेज थी कि मंगलवार सुबह तक बड़ी मुश्किल से आग़ पर काबू पाया गया.
हालांकि, गनीमत ये रही की इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है. लेकिन इसमें कई जरूरी दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए हैं. आग लगने के बाद से ही कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर है. कांग्रेस के कई नेता दावा कर रहे हैं कि ये आग मुख्यमंत्री ने जो भ्रष्टाचार किए हैं उनकी फाइलों को जलाने के लिए लगाई गई है.