Shajapur News: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई हैं. दरअसल, यहां पर मक्सी-उज्जैन मार्ग पर बुधवार रात करीब साढ़े 3 बजे एक बस और ट्राले में आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयंकर थी कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
ख़बरों के मुताबिक, तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी. साथ ही एक मां-बेटी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. सभी घायलों को इलाज के लिए उज्जैन ले जाया गया है. बस माधवगढ़ (जालौन, उत्तर प्रदेश) से अहमदाबाद जा रही थी. सभी मृतक UP के रहने वाले थे.
जानकारी के मुताबिक, उज्जैन मक्सी रोड पर दोंगता के पास बस और उज्जैन की तरफ से आ रहे ट्राले में सामने-सामने भिड़ंत हो गई. जिसमें पांच लोगों की जान चली गई. स्थानीय प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि जब हम हादसे वाली जगह पर पहुंचे तो शारदा ट्रेवल्स की बस UP 75 AT 4799 ट्राले में घुसी हुई थी. बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया था.
कुछ घायल यात्री बाहर सड़क पर लेटे हुए थे, जबकि अधिकतर यात्री बस के भीतर थे. पुलिस और प्रशासन की टीम ने सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई थी. जिससे बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई. बता दें कि बस कानपुर से अहमदाबाद जा रही थी.