MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई हैं. दरअसल, यहां एक दाह संस्कार सिर्फ इसलिए काफी देर तक टलता रहा क्योंकि बारिश के कारण श्मशान गृह के ऊपर छत नहीं थी.

यह मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश धाकड़ का गृह क्षेत्र है. लेकिन अफ़सोस फिर भी विकास के नाम ऐसी फफूंद लगी है कि मानवता भी शर्मसार हो गई.

सोचिए क्या बीती होगी उन परिजनों पर जो पहले से ही अपने परिवार का सदस्य खोने को लेकर ग़मज़दा थे. अब ऊपर से ये बदहाल तंत्र उन्हें और डस गया.

पूरा मामला शिवपुरी जिला अंतर्गत आने वाले पोहरी मुख्यालय का है. यहाँ नगर परिषद है और उसी के माध्यम से मुक्तिधाम निर्माण के लिए लगभग 89 लाख की राशि भी स्वीकृत हुई. काम भी शुरू हुआ, लगभग 12 लाख रुपये का भुगतान भी हुआ.

अंत में घटिया निर्माण के आरोप के चलते सारा काम ठप हो गया. ठेकेदार और पार्षदों के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि नौबत हाथापाई तक जा पहुंची. फिर मामला थाने की चौखट भी चढ़ गया. 

आखिरकार कलह और भ्रष्ट्राचार के चलते निर्माण कार्य आगे ना बढ़ सका. यहां तक कि बरसात की आहट से भी जिम्मेदार ना चेते. मतलब टीन शेड ना होना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है.

गृह क्षेत्र होने के कारण मंत्री जी को भी बेहतर खबर होगी. यही से प्रहलाद भारती आते है, दो बार के विधायक हैं और फिलहाल राज्यमंत्री का दर्जा भी हासिल है. साथ ही पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष है. नरेंद्र बिरथरे भी इसी धरती से आते हैं, यह भी मध्य प्रदेश कौशल विकास निगम के उपाध्यक्ष हैं. यहां बल्लमों की भीड़ है, फिर भी हालात ऐसे कि शमशान घाट पर टीन शेड तक नहीं.